Monday, April 30, 2012

अच्छा लगता है...

अच्छा लगता है...

१. सुबह उठते ही सबसे पहले माँ की तस्वीर देखना.

२. जब मन उदास हो तो खाली सुनसान सड़क पर सोचते हुए चलते चले जाना और फिर किसी खाली बेंच पर बैठे रहना.

३. सुबह जब बीबी उठाये तब यह कहना "अरे ०९ बज गए, इतना लेट हो गया, तुमने मुझे पहले क्यों नहीं उठाया?"

४ पीछे से आकर माँ को जोर से झप्पी पाना और शुभ खबर सुनाना फिर उनके पैर छूना.

५. बच्चों को संस्कार वाली बातें सीखाना. हा हा हा... हमने तो नहीं सीखी, मगर अच्छा लगता है बच्चों को सीखाना.

६. खुश होने पर अकेले कमरे में डांस करना. भगवान से बातें करना उनको शुक्रिया कहना.

७. नीचे बैठ कर पनती में खाना खाना, पालथी मार कर. परिवार वालों के साथ, फिर किसी मुद्दे पर अपने से बड़े की समझदारी वाली बातें चुपचाप खाते हुए सुनना. 

करके देखो... अच्छा लगता है.

Sunday, April 29, 2012

सबको ज़िन्दगी में माँ नहीं मिलती.

खैरात में इतनी बड़ी दौलत नहीं मिलती 
सबको ज़िन्दगी में माँ नहीं मिलती.

माँ सीखा गई मुझे ज़िन्दगी जीने का सलीक़ा
सबको बच्चों सी मासूमियत, बुजुर्गों सी समझदारी नहीं मिलती.

दीवार पर लटकी माँ की तस्वीर देती है मुझे दुआ
सबको ऐसी खुदा की रहमत नहीं मिलती.

और  

दीपक की रोशनी में गुज़र जाती है तमाम-रात
सबको रातों में चाँद की रोशनी नहीं मिलती.

चहरे पर मुस्कराहट लपेटे फिरता रहता है वो 
दिल कांच के टुकड़ों की तरफ बिखरा है जिसका - २
सबको मोहब्बत से ऐसी अदा नहीं मिलती.

उम्र गुज़र जाती है एक नज़र भर के देखने को
सबको ज़िन्दगी में तस्वीर नहीं मिलती.

#रोमिल

अच्छा लगता है...

अच्छा लगता है...

१. छत पर चारपाई में लेटकर तारों को गिनना. और जब ध्रुव तारा टूटता हुए दिखे तो जल्दी से चादर में से निकलकर, दोनों हाथ जोड़कर, आँखें बंद कर अपनी खवाइश मांगना.

२. माँ जब शौपिंग करने कें लिए साथ चलने को कहें तो उनसे बचने के लिए झूठा बहाना बनाना. साथ चलो तो बैग उठाओ, मोल-भाव में समय ख़राब करो, महंगाई का भाषण सुनो और अगर उनको कुछ कपडा खरीदना हो तो ३-४ घंटे की छुट्टी. 

३. दिल से मजबूर हुई, प्रेमिका के हाथ से थप्पड़ खाना. बहुत जोर का पड़ता है मगर सच्चे प्रेम को प्रकट भी करता है. हा हा हा.

४. स्नो फाल को दोनों बाहें खोल कर महसूस करना.

५. खाना बनाते समय रसोईघर से बीबी की गाना गाते हुए आवाज़ सुनाई देना और समझ जाना आज कुछ शानदार बनने वाला है.

६. कार की अगली सीट पर बच्चे को बेल्ट से बांध देना और साथ वाली सीट पर कार चलते हुए उसे आनंदमय होते देखना.

७. अपनी छोटी सी जिद्द पूरी करवाने के लिए भूख हड़ताल करना. और जब पूरी हो जाये तो गर्व महसूस करना.

करके देखो... अच्छा लगता है...  

माँ ने सीखाया है

माँ ने सीखाया है...

भोर होते ही पंछी को दाना खिलाया करो - पानी पिलाया करो
शाम होते ही फकीरों को खाना खिलाया करो.

जितनी बड़ी हो चादर उतना ही पैर पसारा करो
पैसा उड़ाने से पहले कमाया करो.

ज़िन्दगी क्या है खुद समझ जाओगे
कभी बच्चे की तरह रोया करो 
कभी बच्चे की तरह मुस्कुराया करो.

चाहे सोने को मिले दो गज़ ज़मीन ही
आसमान को हमेशा निहारा करो.

और 

ना त-आरूफ़ ना त-अल्लुक हो जिससे
उससे भी कभी ज़िन्दगी में इश्क फ़रमाया करो.

#रोमिल

Saturday, April 28, 2012

उम्र के साथ माँ का रिश्ता नहीं बदल जाता.

मुश्किलों से डरकर इरादा नहीं बदल जाता
उम्र के साथ माँ का रिश्ता नहीं बदल जाता.

यह मेरी माँ की ही दी हुई सीख है
वरना इस ज़माने में फस कर कौन नहीं बदल जाता.

मुझमें आज भी सच कहने का हुनर है
सियासत से डरकर तेवर नहीं बदल जाता

रात में माँ खवाब में आई और दुआ देकर चली गई
जन्नत में जाने के बाद भी माँ का प्यार नहीं बदल जाता.

और

लोग मुझे ताने देते है तू राह-ए-इंतज़ार में कब तक रहेगा
कैसे समझाऊ दिल से मजबूर होकर रास्ता नहीं बदला जाता.

वोह मुझसे पूछते है मेरी इलाज़ की दवा
कैसे कहूँ दिल-ए-मोहब्बत के इलाज़ का नुस्खा नहीं बदला जाता.

#रोमिल

Friday, April 27, 2012

अच्छा लगता है...

अच्छा लगता है...

१. माँ के साथ रसोई में खाना बनाना. उनसे पूछना कौन सा जादू खाने में करती हो कि हम उंगली चाटते रहते है.  

२. सनम का गुस्सा, मैदान में जाकर फूटबाल पर या फिर बास्केटबाल पर उतारना.

३. बरसात के पानी को हथेलियों की ओखली में इकठ्ठा करना.

४. सुबह गौरैया को दाने डालना, उसके लिए कटोरे में पानी भर कर रखना.

५.  पहले बार कंडोम का उत्सुकता के साथ खोलना फिर मूह बनाकर कहना "कितना चिकनाई युक्त्र है, कितनी ख़राब महक आ रही है, हाथ कितना गन्दा हो गया, फ्लेवर सिर्फ बेचने और प्रचार-प्रसार का एक फंडा है". वोह लड़प्पन की उम्र में उत्सुकता अच्छी लगती है.

६. पेन को सिगरेट की तरह मूह में लगाकर स्टाइल मारना.

७. भागकर बस को पकड़ना. फिर जो जीत की ख़ुशी चहरे पर होती है वोह अमूल्य है.

करके देखो... अच्छा लगता है....

माँ के बिना कौन होता है अपना माँ का आशीर्वाद साथ हो तो पूरा होता है हर सपना

माँ के बिना कौन होता है अपना
माँ का आशीर्वाद साथ हो तो पूरा होता है हर सपना

शिक्षक जैसे समझाती है माँ
कभी मित्र बनकर साथ निभाती है माँ
स्कूल छोड़कर आती, स्कूल से लाती है माँ
बड़े प्रेम से भोजन कराती है माँ.

लड़प्पन में मूवी देखने के लिए पिता से छुपाकर रूपया देती है माँ
स्कूल, कॉलेज की किताबें संग खरीदवाने जाती है माँ
बीमार पड़ जाऊं तो डॉक्टर को बुलाकर लाती है माँ
साथ में कैरम और लूडो खेलती है माँ.

माँ की तारीफ करना उसी तरह है
जिस तरह सूरज को दीपक दिखाना
ईश्वर का एक रूप है माँ
जगत जननी, जग की उत्पत्तिकर्ता है माँ.

#रोमिल

Thursday, April 26, 2012

अच्छा लगता है...

अच्छा लगता है...

१. माँ से किसी स्वादिष्ट खाने की चीज़ को बनवाना फिर बस उस स्वादिष्ट चीज़ को थोडा सा खाना. माँ का थोड़े से खाने पर कहना "तुमने इतना परेशां किया, सुबह से रसोई में लगी थी तब शाम को जाकर बना है और बस तुमने दो चम्मच खाए". 

२. आइना के सामने बीबी को तैयार होते देखना फिर अपने हाथों से मंगलसूत्र पहनाना या मांग भरना फिर बाहों में लेकर प्यार करना.

३. सुबह बच्चे को स्कूल बस में बैठाना और जब तक बस अगले चौराहे तक न पहुंचे तब तक हाथ हिला कर उसको प्रेम का संकेत देते रहना.

४. जब किसी लड़की का पीछा करना और वोह मुडकर एक प्यारी सी मुस्कराहट भेज दे तो प्रसन्नता से झूम उठना. जैसे कोई सफलता हाथ लग गई हो. 

५. सड़क की चौराहे वाली चाय की दुकान पर बैठकर शाम को भागते हुए लोगों को देखना. यातायात की चहलकदमी को देखना. होर्न का सुनना. फिर सोचना यह भागमभाग किस लिए?

करके देखो अच्छा लगता है...

सामने है माँ की तस्वीर सोचता हूँ क्या बात करूँ?

सामने है माँ की तस्वीर
सोचता हूँ क्या बात करूँ?

तकरार करूँ
या फिर
आंसूओं की बरसात करूँ..

देर तक निहारता रहूँ
या फिर
सीने से लगाकर बाँहों में गिरफ्तार करूँ.

फूलों से श्रृंगार करूँ
या फिर
दीप-ज्योति प्रज्जावलित करूँ.

सर झुकाए खड़ा रहूँ
या फिर
ढेर सारी बातें करूँ.

सामने है माँ की तस्वीर
सोचता हूँ क्या बात करूँ? 

#रोमिल

Wednesday, April 25, 2012

अच्छा लगता है...

अच्छा लगता है...

१. ओरेंज बार आइसक्रीम का दाग़ शर्ट पर लग जाना. माँ की डांट खाना.

२. पढ़ते-पढ़ते या फिर लैपटॉप पर काम करते-करते सो जाना. xxxxxxx का रात में उठकर लैपटॉप बंद करना.

३. मंदिर/ गुरुद्वारा से प्रसाद दो बार लेना. पता नही क्यों प्रसाद इतना अच्छा लगता है.

४. किताब के बीच में मोर पंख रखना.

५. सुबह xxxxxxx को अपनी बाहों के चुंगल से निकलने न देना.

६. खाली सुनसान सड़क में पड़ी बोतल या पत्थर के टुकडे के साथ फुटबाल की तरह खेलते हुए जाना.

७. भोजन थाली रोटी, चावल के साथ पाँच कटोरी लगी हुई खाना (१. सुखी सब्जी, २. रसेदार सब्जी, ३. दाल, ४. दही रायता, ५. खीर). ऐसा लगता जैसे संपूर्ण भोजन किया हो. 

करके देखो... बस अच्छा लगता है... 

सुबह आँखों का नर्म पाना

सुबह आँखों का नर्म पाना
समझ जाना रात में माँ का ख़्वाब में आना.

मुस्कुराते हुए चहरे का भुझ जाना
समझ जाना तोहफा पाते माँ की याद आना.

ना कुछ हासिल होना, बस छटपटाना
बादलो में माँ का चेहरा दिख जाना.

बस यही आदत बुरी लगती है अपनी
माँ को याद कर आंसू बहाना.

#रोमिल

Tuesday, April 24, 2012

माँ की तलाश में भटकते है रात भर

माँ की तलाश में भटकते है रात भर
मेरे नैना सोते नहीं है रात भर

मेरे गुनाहों का सबब है या फिर पश्चाताप
निगाहों से बंद होते नहीं है आंसू रात भर

माँ जन्नत में हो या फिर मेरे करीब कहीं
खुश रहे हमेशा
लब मेरे यही दुआ देते है रात भर.

सूरज उदय होते ही माँ लौट आएगी मेरे पास
यही खुद को तसल्लियाँ देता हूँ रात भर.

#रोमिल

Monday, April 23, 2012

अच्छा लगता है...

अच्छा लगता है...

१. किसी बीमार इंसान का घाव धोना, उसमे दवा लगाना, उन्हें दवा पिलाना और कभी दवा तैयार करनी हो तो दवा तैयार करना.

२. रात में माँ-पिता के पैर दबाना और इज़ाज़त मिलने पर या उनके सो जाने के बाद सोना.

३. शरीर में पीड़ा भोगते हुए भी, बाहर से प्रसन्न दिखना. (भाई की शादी पर माँ व्हीलचेयर पर थी.)

४. आज भी जब किसी बुजुर्ग के लिए कोई जवान लड़का नगर बस की सीट छोड़कर उठ जाता है तो मन यकीन करता है कि आज भी श्रवण कुमार और हरिश्चंद जैसे इंसान है.

५. चिट्ठी पढ़ते समय, आँखों से मोती की बूँदें टपकना. चिट्ठी का भीग जाना. फिर आँखें कुछ पल के लिए मूँद कर चिट्ठी को तकिये के नीचे रख लेना, संतोष देता है. (जुदाई के समय प्रेम-पत्र प्राप्त होने पर ऐसा होता है.) 

६. जब आप शाकाहारी हो और डॉक्टर आपको मासाहारी या अंडा खाने को कहे फिर भी आप अपने धर्म मार्ग पर रहते है और शाकाहारी बने रहते है, तो मन में और विश्वास बढ़ जाता है, जीत का अनुभव होता है.

७. जब बीबी का स्वास्थ दुर्लब हो फिर भी वोह आपको सुबह की चाय बिस्तर पर दे तो एक संतोष प्राप्त होता है, उसके साहस को देखकर. फिर आप उसको विश्राम करनी की सलाह देते है और ब्रेकफास्ट और लंच बाहर करना पसंद करते है और उसके ब्रेकफास्ट और लंच का इंतज़ाम करके ऑफिस जाते है.  

करके देखो... अच्छा लगता है...  

बताओ माँ फिर मुझे नींद कैसे आएगी...

इस काली घनी रात में भी 
माँ तेरा चेहरा सूरज की तरह मेरी आँखों में चमकता है
उजला उजाला बढ़ता है
बताओ माँ फिर मुझे नींद कैसे आएगी...

यादों की घनी छाया
आँखों के दर्पण पर पड़ी रहती है
आँखों की कोठारी में चमकती तेरी तस्वीर मेरे मन-मंदिर में बनी रहती है.
बताओ माँ फिर मुझे नींद कैसे आएगी...

सोई धूप नीले अम्बर से मचल रही है
नीले समुन्दर की लहरें भी चांदनी में नहा रही है
तुमसे मिलने को मेरी व्याकुलता भी बढ़ती जा रही है
बताओ माँ फिर मुझे नींद कैसे आएगी...

साँस थम सी जा रही है
घड़ियाँ चलती जा रही है
सूरज उदय होने वाला है
बताओ माँ फिर मुझे नींद कैसे आएगी...

#रोमिल

Sunday, April 22, 2012

अच्छा लगता है...

अच्छा लगता है...

१. जब किसी इंसान की ज़िन्दगी के बहुत कम दिन बचे हो, उस इंसान के समीप वाले बिस्तर पर सोना. उससे ढेर सारी बातें करना. अंतिम मुलाक़ात का सुख प्राप्त करना. 

२. रसोईघर में बीबी के साथ बात करते हुए कॉफ़ी की चुस्की लेना. 

३. मासिक चक्र के समय बीबी का दूरी बनाये रखने की भावना का सम्मान करना. 

४. पैरों के नीचे सूखे पत्तों को कुचलना. उसकी आवाज़ महसूस करना. 

५. बारिश की बूंदों को अपने कमरे की खिडकियों से टकराते हुए देखना. 

६. रेस्तरा में खाने का आर्डर देने के बाद, टिश्यू पेपर के साथ खेलना, कभी उस पर डिजाईन बनाना, कभी लिखना तो कभी उसका हेलीकाप्टर बनाना. 

७. रात में सोने से पहले बच्चों को शुभरात्रि कह कर चूमना. 

करके देखो... अच्छा लगता है...

Saturday, April 21, 2012

पुत्र रहा माँ को पुकार आँचल में मातृत्व समेटे माँ आ जाओ मेरे द्वार.

ज्योतिहीन गीले नयनों से
पुत्र रहा माँ को पुकार
आँचल में मातृत्व समेटे
माँ आ जाओ मेरे द्वार.


साँसें बोझिल सी लगती हैं
तारों की तरह सपने बिखर चुके है
ताक रहा है नीला अम्बर
सुना है घर का आँगन
चाँद भी नज़र न आया
कृष्ण को यशोदा बिना कुछ न भाया
पुत्र रहा माँ को पुकार
आँचल में मातृत्व समेटे
माँ आ जाओ मेरे द्वार.
 

एक फूल ही अर्पित कर दें
स्मृतियों के कोमल स्वर के साथ
युगों - युगों की यह व्याकुलता
कब मिटेगी.
अलौकिक शान्ति कब मिलेगी
पुत्र रहा माँ को पुकार
आँचल में मातृत्व समेटे
माँ आ जाओ मेरे द्वार.

- रोमिल

मैं आज भी

लोग कहते है बड़े होने के साथ इंसान बदलने लगता है... पर मैं शायद नहीं...

१. मैं आज भी ऑफिस उसी दुखी, उदास चहरे से जाता हूँ, जैसे बचपन में रिक्शा में बैठकर रोते हुए स्कूल जाता था. मुझे कुर्सी पर बैठकर ०८-०९ घंटे काम करना... बोरिंग है एक दम..

२. मुझे आज भी बाल कटवाना, दाढ़ी बनाना... वेस्ट ऑफ़ टाइम लगता है... बेवकूफ जैसे सैलून में बैठे रहो... इंतज़ार करो कब अपना नंबर आएगा.

३. मुझे आज भी कुल्फी उतनी पसंद है, जितनी बचपन में थी. मन करता है एक बार में ४-५ खा जाऊं. हा हा हा...

४. मैं आज भी दोस्ती और दुश्मनी दोनों बहुत शिद्दत के साथ करता हूँ. 

५. मैं आज भी माँ से उतना ही प्यार करता हूँ, जितना बचपन में करता था. सच्ची बाबा. 

६. मैं आज भी तकिये को जप्पी पाकर सोता हूँ, जैसे बचपन में सोता था. 

७. आज भी मैं बचपन की तरह नंगू-पूंगु होकर नहाता हूँ. हा हा हा हा हा हा... 

८. मैं आज भी अपने बैग में गीता और कुरान रखता हूँ, जैसे बचपन में स्कूल बैग में रखता था. 

९. बचपन की तरह आज भी मैं अकेले में रोना पसंद करता हूँ, आइना के सामने प्राथमिकता रहती है. 

१०. आज भी मैं अपने सच्चे प्यार को पाना चाहता हूँ... जिस तरह बचपन में चाहता था... हर बार प्यार मेरे करीब आता है फिर बिछड़ जाता है... न जाने क्यों?

मन से सुन्दर रहो यार... 

कागज़ की नाव देर तक नहीं चलती

कागज़ की नाव देर तक नहीं चलती 
माँ के बिना ज़िन्दगी नहीं चलती.

आइना से जाकर पूछ तो ले "कौन है तेरा अपना?" 
झूठे वादों से रिश्तों की मेहंदी नहीं सजती. 

पत्थर ही पत्थर है सब लोग इस शहर के 
भीड़ किसी के दिल की आवाज़ नहीं सुनती.  

इतना झुक चुका है तू मोहब्बत के लिए रोमिल 
ऐसी बुलन्दी हर किसी को नहीं मिलती. 

#रोमिल

Friday, April 20, 2012

अच्छा लगता है...

अच्छा लगता है...

१. माँ के हाथों से सिर में तेल लगवाना.

२. फ्रेक्चर पर दोस्तों से हस्ताक्षर करवाना.

३. नई गाड़ी का होर्न जोर से बजाना.

४. हर छोटी - छोटी खुशियों पर या फिर ग्रहों से डरकर घर में पूजा रखवाना.

५. किसी पिक्चर के चर्चित संवाद की नक़ल करना.

६. बीबी के हाथ पर मेहंदी सजाना.

करके देखो... अच्छा लगता है...

माँ के स्मरण भर से...

माँ के स्मरण भर से
नैन आंसू भर गए
होंठ खिलखिला उठे
स्वपन सच बन गए.

माँ के स्मरण भर से...

आशाएं बिखरी सवरने लगी
मन के दर्पण खुल गए
सूरज फिर से उगने लगा
जुगुनू, नभ के तारे सो गए.

माँ के स्मरण भर से...

वायु में सुगंध फैलने लगी
फूल भी खिलने लग गए
आश्रय मिला मेरे ह्रदय को
दुःख के सब भाव बादल बन गए.

माँ के स्मरण भर से...

#रोमिल

Wednesday, April 18, 2012

अच्छा लगता हैं... कभी...

अच्छा लगता हैं...

१. कभी दादा जी के लिए नई शेरवानी लेकर जाना.
२. कभी दादी जी के लिए नई स्लीपर लेकर जाना.
३. कभी माँ को सोने के कंगन पहनाना.
४. कभी दूसरे के सपने को सच साबित करने के लिए जी-जान से मेहनत करना, उसकी मदद करना.
५. कभी बीबी के नाम से घर खरीदना.
६. कभी ऑफिस के दोस्तों के साथ मिलकर होली/ दिवाली मनाना.
७. कभी परिवार के साथ गुरुद्वारा माथा टेकने जाना.
८. कभी मोटर साइकिल पर जाते हुए लड़का-लड़की को देखकर दोस्तों के साथ यह तुक्का लगाना कि यह भाई-बहन हैं या यह मियाँ-बीबी हैं या यह बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड हैं. हाहाहा.
९. कभी बीबी के लिए गाना गाना... चाहे सुर हो या न हो.
१०. कभी मन से रब को शुक्रिया कहना.

करके देखो... अच्छा लगता हैं...

सुबह होते ही आँखों से स्वपन चले गए...

सुबह होते ही आँखों से स्वपन चले गए
मातम का गहरा पहरा है अब
बेबस उदास गंभीर चेहरा है अब
मन में जो उड़ते थे खुशियों के पंछी चले गए
सुबह होते ही आँखों से स्वपन चले गए...

भला कोई तो होता जो दुःख बाँट सकता
जो मेरे सपनों को संग मेरे खोज सकता
चौखट से न जाने कहाँ जलते दीए चले गए 
सुबह होते ही आँखों से स्वपन चले गए... 

मेरी माँ के संग मेरी आँखों से स्वपन चले गए
न जाने जाकर कौन सी दिशाओं में छुप गए...

#रोमिल

अच्छा लगता हैं !

अच्छा लगता हैं !

१. अपने टूथ ब्रश को माईक्रोफोन की तरह थामकर आईने के सामने गाना.

२. जब कोई आपको, पहला मोबाइल फोन लेकर देता हैं. कितनी ख़ुशी के साथ हम उसके फिचर देखते हैं. 

३. जब किसी कुर्सी या मेज के नीचे दुबककर बैठ जाना.

४. जब किसी बुजुर्ग के नंगे पैरों को अपनी गोद में कुर्सी की दूसरी तरफ थामकर बैठना. फिर लोशन को उनके टखने और एड़ियों में लगाना.

५. जब जीवनसाथी एक-दूसरे के प्यार भरे चुम्बनों के लिए उतने बेताब होते हैं, जितना एक पिल्ला दूध के लिए होता हैं. और उतनी ही मासूमियत से एक दूसरे को निहारते है, जितनी मासूमियत से एक पिल्ला देखता हैं.

Tuesday, April 17, 2012

जब माँ के संग बिताये पल याद आते हैं.

बैठे-बैठे होंठों के कमल खिल जाते हैं
जब माँ के संग बिताये पल याद आते हैं.

सुख-दुःख के बिखरे मोती तारों में बंध जाते हैं
सूने अंतर्मन में तीव्र गति के पंख लग जाते हैं
ढलती उम्र में, बचपन के दिन याद आते हैं.
जब माँ के संग बिताये पल याद आते हैं.

खाली-खाली मन, विश्वास से भर जाता हैं
अँधेरी बस्ती में कोई दीपक जल जाता हैं
सरपट पथ भी गुदगुदाने, गुनगुनाने लगता हैं
दौड़-धूप के बीच एक-पल शांति का मिल जाता हैं
जब माँ के संग बिताये पल याद आते हैं. 

जो कहते है यह माँ, माँ, माँ करता हैं
अपने दुःख की स्मृतियों में बंधा रहता हैं
वोह भला कहाँ मातृ-पुत्र भाव-आभाव को समझ पाते हैं
कितना भी कह डाले, लेकिन अनकहा अधिक रह जाता हैं
जब माँ के संग बिताये पल याद आते हैं.

#रोमिल

अच्छा लगता हैं...

अच्छा लगता हैं...

१. तकिये के लिए बीबी से लड़ाई करना.
२. बेड शीट पर चाय गिर जाने पर डांट सुनना.
३. गीला टॉवेल, टीवी या बेड पर डाल देना.
४. शूज पहनकर बेड पर लेट जाना.
५. बस ऐवैये ही आइ लव यू कहना.
६. सास-बहू सीरियल के समय चुपके से केबल की लीड निकाल देना.
७. बीबी के साथ किचन में रोटी बनाने की प्रैक्टिस करना.
८. माँ की गोद में एक दम से जाकर लेट जाना.
९. हाथ में मैंगो लगा हुआ, बीबी के दुपट्टे से पोछ लेना.
१०. दादा-दादी, नाना-नानी के पास बैठकर उनकी, उनके ज़माने की बातें सुनना.
११. बीबी के सामने किसी दूसरी लड़की की खूबसूरती की तारीफ़ करना.
१२. बॉस से कहना... सर आप क्यों टेंशन लेते हो... मैं हूँ न.
१३. रात के समय चोरी से चुपके से आइसक्रीम, फ्रिज में से निकालकर खाना.
१४. दोस्तों से कहना... आल इज वेल.
१५. छोटे-छोटे बच्चों के साथ... पानी में छाई छप्पा छाई करना.

करके देखो... सच्ची अच्छा लगता हैं...

बे-मौसम गाना अच्छा लगता हैं.

बे-मौसम गाना अच्छा लगता हैं.
माँ के हाथों से खाना, खाना अच्छा लगता हैं.
जेठ-मास की दोपहर में पीपल के पेड़ तले सो जाना अच्छा लगता हैं.
सावन के मौसम में, नाव चलाना अच्छा लगता हैं.
मेहमानों से भरा-पूरा परिवार अच्छा लगता हैं.
किसी बच्चे के मुख पर मुस्कान का खज़ाना अच्छा लगता हैं.
तितलियों के पीछे भागना अच्छा लगता हैं.
किसी की चाहत में पागल बन रातों-दिन मंडराना अच्छा लगता हैं.

#रोमिल

Monday, April 16, 2012

अच्छा लगता हैं...

अच्छा लगता हैं...

१. जब कोई आपको मोर्निंग में प्यार से उठाता है... आपके माथे पर प्यारी की चुम्मन लेता हैं... प्यार से आपके बालों को सहलाता है. "उठो न बेटा जी, देर हो रही हैं"

२. जब कोई आपको मोर्निंग में प्यार से कहता हैं... उठो न... प्लीस उठो न... मेरी इअरिंग नहीं मिल रही हैं या कहता हैं मेरी पायल नहीं मिल रही हैं... यही कहीं बेड शीट में होगी... प्लीस उठ जाओ न.

३. जब कोई मोर्निंग में, गर्म चाय के प्याले में आपकी उंगली डाल देता हो. बहुत पुरानी तकनीक है पर बिस्तर से उठाने के लिए कारगार हैं.

४. जब कोई मोर्निंग टी आपको झूठी करके पिलाता हैं. सुबह की पहली चाय प्यार के साथ. 

५. जब कोई आपको बाथरूम में टॉवेल देता है. टॉवेल छाप बॉय. क्या करें एक तो बिस्तर से उठाने में ही देर हो जाती हैं, फिर समय पर ऑफिस भी तो पहुँचाना हैं. 

६. जब कोई आपके ऑफिस जाने के लिए अपनी पसंद के कपड़े निकल कर देता हैं. कभी-कभी दूसरों की पसंद को भी पसंद करना चाहिए, हो भी सकता है उसकी पसंद आपसे अच्छी हो. 

७. जब कोई आपकी टाई बांधता हैं या सीधी करता हैं.   

८. जब कोई मंदिर में घंटी आपके साथ बजाता है.   

९. जब कोई छोटा सा टीका आपके माथे पर लगता हैं. माँ टीका लगाये तो और संतोषदायक महसूस होता हैं.  

१०. जब कोई चरणामृत आपके हाथों में देता हैं.

११ जब कोई आपको ब्रेकफास्ट अपने हाथों से खिलाता हैं. बचपन में माँ कितने प्यार से साथ बैठ कर एक-एक निवाला खत्म करवाती थी.

१२. जब कोई आपको मोर्निंग में जबरदस्ती दूध पीकर जाने को कहता हैं. बिना दूध पिए घर से गए तो शाम को घर लौटने पर डांट तो जरुर पड़ती हैं.  

१३. जब कोई आपको प्यार से गुड बाय बोलता है... और ऐन्वई कहता हैं घर जल्दी आना.  

१४. जब कोई आपको ऑफिस पहुँचकर "बेस्ट ऑफ़ लक" का एस.एम.एस. करता हैं.

१५. जब कोई बे-मतलब आपकी तारीफ़ करता है. "आज स्मार्ट लग रहे हो." "टी-शर्ट बहुत खूबसूरत लग रही हैं" 

१६. जब कोई आपकी हेयर स्टाइल ठीक करता हैं.

१७. जब कोई लंच बॉक्स ले जाने के लिए याद दिलाता हैं. 

१८. जब कोई आपको लंच टाइम पर फ़ोन करके प्यार से पूछता हैं "आपने लंच कर लिया जी" "लंच अच्छा था जी". हा हा हा हा.

१९. जब कोई आपके ऑफिस से घर पहुँचाने पर आपको प्यार से पानी पूछता हैं "बेटा जी पानी दूं क्या" 

२०. जब कोई डिनर टेबल पर साथ में बैठाकर खाना खिलाता हैं और एक रोटी जबरदस्ती ज्यादा खिलाता हैं.

२१. जब कोई आपके जरुरी पेपर बड़े संभालकर रख देता हैं.

२२. जब कोई टीवी रिमोट के लिए आपसे लड़ाई करता हैं.

२३. जब कोई किताब पढ़ते समय आपकी गोद में अपना सर रखकर सोता हैं.

२४. जब कोई आपके सीने पर अपना सर रखकर आपसे प्यार की बातें करता हैं.

२५. जब कोई आपका सर अपनी चुनरी से धक देता है. 

रिश्ते अच्छे लगते हैं...

करके देखो सच में अच्छा लगता हैं...

अच्छा लगता हैं...

अच्छा लगता हैं... 

१. घर से निकलते वक़्त माँ के हाथों से दही-चीनी खाना. 

२. बरसात में भीग रहा हो कोइए पिल्ला तो उसको अपनी शर्ट में छुपाकर किसी सुरक्षित जगह पहुँचाना. 

३. बरसात के मौसम में किसी गरीब की झोपड़ी का छप्पर लगवाने में मदद करना. 

४. पहाड़ों या सुनसान रास्ते पर खड़े होकर जोर से अपने महबूब का नाम पुकारना. 

५. बरसात के मौसम में चाय और पकोड़े खाना. वैसे हमारा चाय का तो कोई भी समय नहीं हैं, जब दिल में टीस उठी, तब पी ली चाय...हा हा हा.

करके देखो... सच में अच्छा लगता हैं...

हैरत हुई है यह देखकर

हैरत हुई है यह देखकर
रौनक नहीं है चेहरे पर
न जाने कहाँ खो गए
सारे खुशियों के पंख उड़ गए.

आइना में देखकर अब इतराते नहीं
चेतना से भर हम जाते नहीं
न अब सुबह अख़बार पढ़ने का चलन रह गया
न ही ईश्वर में श्रद्धा भाव रह गया.


उल्लासों से भरा हृदय नहीं अब
जीवन मंगलमय नहीं अब
गूंजता-गाता, अम्बर नहीं अब
हसीन फूल, हसीं पत्तियाँ, हसीं शाखें नहीं अब.

सवेरे-सवेरे काले बादल उठ आये चारों तरफ
समय टुकड़ों - टुकड़ों में फैला हैं चारों तरफ
एक-एक करके आँखों के सामने आते सब दृश्य
मेरी माँ के जीवन के आखिरी पल.

#रोमिल

ज़िन्दगी

१. ज़िन्दगी ऐसी होनी चाहिए जिसके हर एक पन्ने को पढ़ने में मज़ा आये.

२. ज़िन्दगी के सबक होम्योपैथिक दवाई की तरह होने चाहिए, जो जुबान पर आते ही घुल जाये और कड़वा भी न लगे.

३. ज़िन्दगी मौसमी के जूस की तरह होनी चाहिए जो स्वादिष्ट भी हो और जिसमे पोषण भी हो.

४. ज़िन्दगी का हर दिन एक डॉक्टर की तरह होना चाहिए, जो एक जादुई पल में दुनिया में नया जीवन उत्पन्न कर देता हैं. नया दिन, नया जीवन.

५. ज़िन्दगी हमेशा माँ के उपकारों, प्यार के नीचे दबी रहनी चाहिए. कभी भी भगवान की तस्वीर को भूलने लगे हो तो माँ को देख लेना चाहिए.

Sunday, April 15, 2012

हम

१. माँ की मृत्युं पर उसकी बातें, एक तरह की दवा थी, जो सीधे दिल में उतर जाती थी. 

२. सेक्स और धन की जंजीर से जकड़ी लड़कियां एक तरह की साइड इफैक्ट वाली दवा हैं, जिस पर एक चेतावनी लिखी होती है, इसका प्रयोग सेहत के लिए हानिकारक हैं. 

३. जब हाथ थामकर हम अपने जीवन साथी के साथ कतार में खड़े रहते हैं, वोह कतार हमको बड़ी या भोझल नहीं लगाती. 

४. हम कोई पिक्चर नहीं देख रहे होते बल्कि एक दूसरे का हाथ थामकर एक एहसास को महसूस कर रहे होते हैं. 

५. पहला चुम्मन लेते समय होंठ थरथरा क्यों जाते हैं. 

६. पता नहीं पहली मिलन की रात के समय होल में गोल करते वक़्त इतना जल्दी क्यों हो जाता हैं. 

७. कोई मेहमान आता है, तो हम बहुत अच्छा खाना बनाते हैं, टेबल भी बहुत अच्छी तरह सजाते हैं, मगर अपने परिवार के लिए ऐसा क्यों नहीं करते हैं? क्या परिवार वाले इतने खास नहीं होते? या फिर उनको खाना खिलाना केवल एक दैनिक क्रिया बनकर रह जाती हैं.  

८. घर से निकलते वक़्त जवान लड़के से कहना चाहिए "मुझे इस कार की इतनी परवाह नहीं है, जितनी मुझे तुम्हारी परवाह हैं" संभाल कर गाडी चलाना.  

९. तोहफा देते समय हमेशा यह ध्यान रखना चाहिए कि हम तोहफा नहीं बल्कि प्यार बाँट रहे हैं और यही अनुभव तोहफा प्राप्त करते समय भी मन में होना चाहिए. 

१०. हम अपने से दूर रह रहे बच्चों पर करीबी नज़र नहीं रख पा रहे हैं, लेकिन उनको हमेशा अपने ख्यालों में रख सकते हैं.

लगता है कल की ही बात हैं

लगता है कल की ही बात हैं
माँ रसोई में खीर बना रही हो
हवा में उडती सुगंध आ रही हो
मन ललचा रहा हो
न जाने कहाँ से एक झोंका आया
उड़ा ले गया सब कुछ
दे गया ढेर सारे आंसू.

लगता है कल की ही बात हैं
माँ चाय बनाकर दे रही हो
हम शाम का लुफ्त उठा रहे हो
टीवी पर अमृतसर से गुरबानी का सीधा प्रसारण चल रहा हो
न जाने कहाँ से एक झोंका आया
उड़ा ले गया सब कुछ
दे गया ढेर सारे आंसू.


बार-बार पलटकर देखता हूँ
जैसे कल की ही बात हो
आंसू को पोछकर मुस्कुराता हूँ
हवा में हाथ हिलाता हूँ
बीते लम्हों को गले लगाता हूँ
ढेर सारे आंसू को अपना बनाता हूँ.
जैसे कल की ही बात हो.

#रोमिल

जब

१. जब अजीब ख़ामोशी छाई थी. सिर्फ माँ की सुबकियाँ सुनाई दे रही थीं. वोह दिन ज़िन्दगी का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण था. 

२. जब कोई छोटा सा चूहा चमड़े के पुराने जूतों में सुखी और सुरक्षित महसूस करता हैं.

३. जब कोई बुड्डी औरत एक छड़ी के सहारे अपनी कुर्सी से खड़ी होती हैं और धीरे-धीरे हमारे पास आती हैं.

४. जब नर्स पानी के गिलास और दो छोटी गुलाबी गोलियाँ लेकर माँ के पास आती थी और मुस्कुराकर कहती थी, दवाई का समय हो गया और दोपहर में आपकी झपकी का वक़्त हो गया हैं.

५. जब आपका मोजा और जूता घर भर में घूमता रहता हैं. 

६. जब अख़बार लपेट कर दोस्त के सर पर मरते हैं.

७. जब हम अपने बच्चे को पहली बार अपने पैरों पर चलता हुआ देखते हैं.

८. जब हॉस्टल के गलियारे में दबे पाँव चलकर हम दोस्त के कमरे तक पहुँचाते हैं, और दरवाज़े पर कान लगाकर बात सुनने की कोशिश करते हैं.

९. जब सर्दी में गर्म पानी में नहाकर, गर्म बिस्तर पर सो जाते हैं.

१०. जब हम पहली बार एक-दूसरे की रजामंदी से एक-दूसरे को प्यार करते हैं. मिलन का आनंद लेते हैं.

११. जब हम किसी को देखकर अपनी कार की खिड़की का काँच नीचे कर लेते हैं.

१२. जब हम अपने पालतू जानवर को माँ बनते हुए देखते हैं. प्रसव के समय उसकी मदद करते हैं, उसको सहलाते हैं, उससे बातचीत करते हैं. किसी बंद झिल्ली में फसे बच्चे को देखते हैं, पालतू जानवर को वोह झिल्ली साफ़ करते देखते हैं, गन्दा और चिपचिपा बच्चा निकलते देखते हैं. किस तरह माँ बनी पालतू जानवर अपने बच्चे को चाटकर साफ़ करती हैं. यह सबसे संतोषदायक अनुभव होता हैं.

अपने परिवारवालों और जीवनसाथी के परिवारवालों के बीच

अपने परिवारवालों और जीवनसाथी के परिवारवालों के बीच कभी भी ऐसी तुलनाएं न करें, जो आपस में विरोधाभासी या नकारात्मकता से भरी हों.

कभी भी अपने परिवारवालों के सामने

कभी भी अपने परिवारवालों के सामने, अपने जीवनसाथी के परिवारवालों की आलोचना ना करें.

जीवनसाथी के परिवार वालों के

जीवनसाथी के परिवार वालों के पहनावे या बोलचाल के बारे में कोई ओछी बात न कहे.

ध्यान रहे कि जीवनसाथी के परिवार के प्रति

ध्यान रहे कि जीवनसाथी के परिवार के प्रति आपकी आवभगत, सम्मान और मैत्री को आपकी चापलूसी या दखलंदाजी न मान लिया जाये.

अपने जीवनसाथी के परिवारवालों के प्रति

अपने जीवनसाथी के परिवारवालों के प्रति हमारा व्यवहार सम्मानजनक होने के साथ-साथ सहायतापूर्ण भी होना चाहिए.

Saturday, April 14, 2012

यह ज़िन्दगी के सिलसिले भी अजीब हैं

यह ज़िन्दगी के सिलसिले भी अजीब हैं
जिससे थे दूर उससे करीब हैं
सारी बेवफाई को जमा कर यह हासिल हुआ
उनकी खता नही यह अपने नसीब हैं.

और

जो निभा न सका रस्म-ए-मुहब्बत
वो ही दुनिया के हबीब हैं.

#रोमिल

आज भी याद है वो बातें

जामुन के पेड़ से जामुन तोड़ना
कडकडाती दोपहर में नंगे पाँव भागना
माँ की डांट खाना
छत में पड़ी खटिया पर चादर ओढ़कर सो जाना.

आज भी याद है वो बातें
चेहरे पर मुस्कान खिला जाती हैं वो बातें...

दोस्त के कंधे पर सर रखना
कानों में फुसफुसाना
सड़क पर जोर से गाते हुए जाना
माँ का भाषण सुनना.

आज भी याद है वो बातें
चहरे पर मुस्कान खिला जाती हैं वो बातें...

हैंडपंप के हत्थे पर झूलना
घरों की घंटी बजाकर भागना
माँ की मार खाना, रोना
आइसक्रीम पाकर फिर मुस्कुराना.

आज भी याद है वो बातें
चहरे पर मुस्कान खिला जाती हैं वो बातें... 

#रोमिल

Friday, April 13, 2012

साँझ हो चली, माँ लौट आओ

साँझ हो चली, माँ लौट आओ
पंछियों का कोलाहल खत्म हो गया, माँ लौट आओ
किसान का हल ठहर चूका हैं, माँ लौट आओ
दिन की ज्योति हो गई पूरी, माँ लौट आओ
लगे है तारे टिमटिमाने, माँ लौट आओ
सपनों ने है पंख फैलाये, माँ लौट आओ
बेटे ने माँ को पुकारा, माँ लौट आओ
घनी रात का हो रहा हैं फैलाओ, माँ लौट आओ.

#रोमिल

Thursday, April 12, 2012

माँ के लिए कोई गीत गाना चाहता हूँ

माँ के लिए कोई गीत गाना चाहता हूँ
मैं शिवमय जीवन चाहता हूँ.

प्यार के तूफ़ान में उड़ना चाहता हूँ
सागर की लहरों में लहराना चाहता हूँ.

वृद्ध भूमि पर सर रखकर सोना चाहता हूँ
इन्द्र धनुष से सुशोभित नई दुनिया बसाना चाहता हूँ.

जवानी की उमंगो में उड़ना चाहता हूँ
योगी की तरह बंधना चाहता हूँ.

आज सुख में रोना चाहता हूँ
दुःख में मुस्कुराना चाहता हूँ
माँ के लिए कोई गीत गाना चाहता हूँ.

#रोमिल

कभी भी अपने जीवनसाथी पर भद्दी या अश्लील चुटकुले न कहे

कभी भी अपने जीवनसाथी पर भद्दी या अश्लील चुटकुले न कहे 
न ही कभी उसको खुद सुनाए 
न ही कभी उसको ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करें !

अपने जीवनसाथी के रिश्तेदारों के साथ हमेशा सम्मानजनक व्यवहार करें.

अपने जीवनसाथी के रिश्तेदारों के साथ हमेशा सम्मानजनक व्यवहार करें. उनके प्रति कभी भी अपशब्दों का प्रयोग मत करें.

अपने जीवनसाथी की बातों को बीच में काटना नहीं चाहिए

अपने जीवनसाथी की बातों को बीच में काटना नहीं चाहिए, बल्कि उसकी पूरी बात सुनने के बाद उससे बात करनी चाहिए, इससे मतभेद नहीं बढ़ता हैं.

दूसरों के सामने अपने जीवनसाथी का अपमान या आलोचना नहीं करनी चाहिए.

दूसरों के सामने अपने जीवनसाथी का अपमान या आलोचना नहीं करनी चाहिए.

Wednesday, April 11, 2012

माँ ने बचपन में कितना दुलार दिया

माँ ने बचपन में कितना दुलार दिया
मेरा बचपन निखार दिया.

कितने प्यार से घमौरी हो जाये तो पीठ पर nycil powder लगाती थी 
पैरों में लिटाकर dabur lal tail से जोर से मालिस करती थी.

चहरे पर थोड़ी सी, बस थोड़ी सी johnson baby cream लगाती थी
बालों को keo karpin oil से सजाती थी.

cerelac दिन भर पीछे - पीछे दौड़ा कर खिलाती थी
रात में सोते समय दूध की बोतल मुँह में लगाती थी.

huggies diapers से जोर से पैक कर देती थी
स्कूल के लंच बॉक्स में पसंदीदा चीज़ें रखकर देती थी.

माँ कितना ख्याल रखती थी...

#रोमिल

Tuesday, April 10, 2012

माँ के पास फुर्सत के क्षण नहीं हैं

दर्पण का मोह नहीं 
जवानी की जिसे परवाह नहीं 
रूप श्रृंगार का वक़्त नहीं 
माँ के पास फुर्सत के क्षण नहीं हैं.

बच्चों के भविष्य को संवारे 
घड़ी के कांटो संग भागे 
अपने सपनों का महल जलाये 
समर्पण की दीवानी है.

श्रम की कहानी लिखती 
हर पल परीक्षा की घड़ी पर खड़ी 
मुसीबत से लड़ती 
हर घर की प्रगति है. 

शौक जिसके धूमिल है 
जो सब्र की मूरत है 
प्यार का सागर है जो 
ऐसी हस्ती को शत-शत नमन है.

#रोमिल

Monday, April 9, 2012

माँ तांगे वाला घोड़ा

तांगे वाला घोड़ा
माँ तांगे वाला घोड़ा
सरपट सड़क पर जब चले इतराए थोड़ा - थोड़ा 
माँ तांगे वाला घोड़ा
माँ तांगे वाला घोड़ा 

तग बग... ताग बग... ताग बग

धूल उड़ाता जाये
दुम अपनी हिलाता जाये
चाबुक की दम पर नाचे थोड़ा - थोड़ा 
माँ तांगे वाला घोड़ा
माँ तांगे वाला घोड़ा 

तग बग... ताग बग... ताग बग

नमक की बोरी को तांगे पर लादे
लगाम के समझे इशारे
हाँफे, भागते, फेना निकालते जाये थोड़ा - थोड़ा 
माँ तांगे वाला घोड़ा
माँ तांगे वाला घोड़ा

तग बग... ताग बग... ताग बग 

मैं तांगे पर बैठा उसको हाँकता
उसको अपने हाथों से घास खिलाता
कभी उसके बच्चे को धूप-छाँव में भगाता
मुझे ढेर सारी खुशियाँ देता यह घोड़ा
माँ तांगे वाला घोड़ा
माँ तांगे वाला घोड़ा

#रोमिल

Sunday, April 8, 2012

दे दो न माँ आँखों में कोई स्वपन सुहाना

आज कुछ मांगता हूँ माँ
दे दो न माँ
आँखों में कोई स्वपन सुहाना

घुटनों - हाथों के बल चलकर आना
बेमतलब का खिलखिलाना
बिना बात के ही आँखों में आंसू आ जाना
चुप्पी को तोड़कर जोर से चीखना-चिल्लाना
दोनों हाथ खोलकर दौड़ते हुए आना
हाथों की उंगली पकड़कर चलते चले जाना
सिर पर प्यार से थपकी देना
बिना आहट के बिस्तर से उठ जाना
नल खोल कर, उसके नीचे बैठ कर नहाना 
मंदिर में जाकर घंटा बजाना
आइसक्रीम शर्ट पर गिराना
इंक से हाथों को नीला करना
कागज़ का जहाज़ बनाना
किताबों में चित्र बनाना
मिट्टी के घर को सजाना.   

दे दो न माँ
आँखों में कोई स्वपन सुहाना

#रोमिल